हज के लिए सऊदी अरब पहुँच रहे इंडोनेशिया के लोगों मे निमोनिया की खबरें आ रही हैं। इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि सऊदी अरब में हज करने गए 99 इंडोनेशियाई यात्रियों को निमोनिया हो गया है। इनमें से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई है। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि निमोनिया के बढ़ते मामलों को रोकने पर तत्काल ध्यान देना जरूरी है, ताकि बीमारी को रोका जा सके।
हज स्वास्थ्य केंद्र के प्रमुख लिलिक मारहेंद्रो सुसीलो ने कहा कि हमारे हज यात्रियों में निमोनिया के मामले बढ़ रहे हैं, और इस पर ध्यान देना जरूरी है क्योंकि अगर समय पर और सही इलाज नहीं किया गया तो यह और गंभीर हो सकता है।" समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बताया कि निमोनिया से संक्रमित तीर्थयात्रियों का अभी सऊदी अरब के मक्का और मदीना के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
लिलिक ने कहा कि सऊदी अरब में हज यात्रियों को निमोनिया होने के मुख्य कारणों में 47 डिग्री सेल्सियस तक की अत्यधिक गर्मी, लगातार काम और यात्रा की थकान, भीड़भाड़ और पहले से मौजूद बीमारियां मानी जा रही हैं। उन्होंने तीर्थयात्रियों से मास्क पहनने, हाथ धोते रहने, खूब पानी पीने, और अगर कोई बीमारी है तो दवाई समय पर लेते रहने जैसी सावधानी बरतने को कहा है।
आपकी टिप्पणी